Politics

मिशन 2027 की सफल पूर्ति के लिए योगी मंत्रिमंडल का विस्तार

कैबिनेट विस्तार में पिछड़ों और दलितों को प्राथमिकता देकर 2027 की विजय गाथा लिखने की दिशा में भाजपा का निर्णायक कदम।

योगी सरकार के हालिया मंत्रिमंडल विस्तार ने उत्तर प्रदेश की भावी राजनीति और 2027 के चुनावी रण की पटकथा स्पष्ट रूप से लिख दी है। भाजपा ने इस विस्तार के जरिए अपने सामाजिक आधार को फिर से संगठित करने का प्रयास किया है। मंत्रिमंडल में शामिल किए गए नए चेहरों- भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडेय, कैलाश राजपूत, हंसराज विश्वकर्मा, कृष्णा पासवान और सुरेंद्र दिलेर- के माध्यम से पार्टी ने समावेशी प्रतिनिधित्व पर ध्यान केंद्रित किया है। कुल 60 मंत्रियों के साथ अब योगी सरकार का कोटा पूरी तरह भर चुका है, जिसमें ओबीसी और दलित समाज की भागीदारी बढ़ाकर यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि सत्ता के शीर्ष पर इन वर्गों का सम्मान और अधिकार सुरक्षित है।

क्षेत्रीय और जातीय संतुलन को साधने के लिए भाजपा ने पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी यूपी और अवध से लेकर बुंदेलखंड तक अपनी 'फाइनल फील्डिंग' सजा दी है। पश्चिमी यूपी में जाट समुदाय के कद्दावर चेहरे भूपेंद्र चौधरी का मंत्रिमंडल में पुनरागमन जहां पार्टी कैडर के प्रति भरोसे का प्रतीक है, वहीं अवध और पूर्वांचल में समीकरणों को साधने के लिए मनोज पांडेय को शामिल करना एक बड़ा रणनीतिक कदम माना जा रहा है। इसके साथ ही, लोध समाज के प्रतिनिधित्व को मजबूती देने के लिए कैलाश राजपूत और प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से हंसराज विश्वकर्मा को जगह देकर विश्वकर्मा समाज को सरकार का हिस्सा बनाया गया है। पार्टी ने रायबरेली और कन्नौज जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी प्रतिनिधित्व बढ़ाकर अपनी पकड़ मजबूत करने की जुगत लगाई है।

दलित राजनीति के मोर्चे पर भाजपा ने 'पासी महिला कार्ड' और 'वाल्मीकि समाज' के प्रतिनिधित्व पर विशेष ध्यान दिया है। कृष्णा पासवान को मंत्री बनाकर पार्टी ने पासी समाज को जोड़ने की कोशिश की है, जबकि सुरेंद्र दिलेर के जरिए वाल्मीकि समाज के भरोसे को बहाल किया गया है। वहीं, पाल और गुर्जर समाज से आने वाले मंत्रियों—अजीत पाल और सोमेंद्र तोमर—का कद बढ़ाकर पार्टी ने अपने समर्पित वोटबैंक के प्रति प्रतिबद्धता जाहिर की है। हालांकि, मंत्रिमंडल में महिलाओं की कुल संख्या अभी भी 10 प्रतिशत के करीब है, लेकिन औसत आयु कम होने से यह अब तक की सबसे 'युवा कैबिनेट' बनकर उभरी है। यह विस्तार केवल मंत्रियों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि 2027 के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक व्यापक और संगठित तैयारी है।

New Power Equations Emerge in CPM After Poll Setback

विधान परिषद चुनाव-महायुति की जीत ने महाराष्ट्र में जोड़े नए समीकरण

AP Unveils ‘Yogandhra’: High Mobilization for Mass Wellness Drive

How AI vehicles are revolutionizing our highway safety

Pakistan eyes Bay of Bengal again, impacting India.