Sports

राजगीर में पहली बार एशिया रग्बी U20

एशिया रग्बी U20 चैंपियनशिप पहली बार बिहार में: 6 बिहारी खिलाड़ियों का राष्ट्रीय टीम में चयन।

बिहार के खेल इतिहास में एक गौरवशाली अध्याय जुड़ने जा रहा है। राजगीर खेल परिसर 9 और 10 अगस्त 2025 को एशिया रग्बी U20 रग्बी 7s चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा, जो राज्य में आयोजित होने वाली सबसे बड़ी अंतर्राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता होगी। इस ऐतिहासिक आयोजन में भारत की राष्ट्रीय पुरुष और महिला रग्बी टीम हिस्सा लेगी, जिनमें बिहार के कुल 6 खिलाड़ी शामिल हैं—4 महिला और 2 पुरुष।

महिला टीम में बिहार की ओर से आरती कुमारी, अंशू कुमारी, अल्पना कुमारी और गुरिया कुमारी को जबकि पुरुष टीम में गोल्डेन कुमार और सागर प्रकाश को स्थान मिला है। यह चयन बिहार की रग्बी प्रतिभा और खिलाड़ियों की मेहनत का प्रतीक है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने इसे राज्य के लिए अत्यंत गर्व का क्षण बताया और कहा कि यह चयन अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेगा।

प्रतियोगिता में एशिया के 9 देशों की 8 टीमें भाग लेंगी। पुरुष वर्ग में भारत, चीन, यूएई, हांगकांग, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, श्रीलंका और मलेशिया प्रतिस्पर्धा करेंगे, जबकि महिला वर्ग में मलेशिया की जगह नेपाल की टीम खेलेगी। भारतीय रग्बी फुटबॉल संघ के अध्यक्ष और अभिनेता राहुल बोस ने इसे युवा खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय करियर के निर्माण का मंच बताया।

भारतीय अंडर-20 पुरुष टीम की कप्तानी पश्चिम बंगाल के सुमित कुमार रॉय को मिली है और उप-कप्तान होंगे करण राजभर। महिला टीम का नेतृत्व राजस्थान की भूमिका शुक्ला करेंगी और महाराष्ट्र की तनुश्री भोसले उप-कप्तान होंगी। पुरुष टीम को अर्जेंटीना के फ्रांसिस्को ‘पाको’ हर्नांडेज़ प्रशिक्षित करेंगे और महिला टीम को यूरोपीय चैम्पियन कोच कियानो फौरी। उनके साथ सहायक कोचों के रूप में टेरेंस जोसेफ और तिलक राज होंगे।

टीम का चयन कोलकाता के नेताजी सुभाष पूर्वी केंद्र में आयोजित राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के बाद 3 जुलाई को किया गया। यह 2022 के बाद पहला मौका है जब दोनों भारतीय अंडर-20 टीमें एक साथ महाद्वीपीय स्तर पर हिस्सा ले रही हैं, और वह भी बिहार की धरती पर।

चैंपियनशिप से पहले 8 अगस्त को राजगीर खेल परिसर में एक विशेष कार्यक्रम होगा। यह बिहारवासियों के लिए दुर्लभ मौका है कि वे विश्वस्तरीय रग्बी मुकाबले अपने राज्य में देखेंगे और अपने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा सकेंगे। यह आयोजन बिहार को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने जा रहा है।

Rahul Gandhi’s ‘Vote Chori’ Claim Faces an Evidence Gap

AP Issues New Rules on Paying Influencers for State Schemes

चीन की उड़न तश्तरी

Khairatabad Segment Turns into a Three-Way Political Battleground

21 साल बाद प्रदेश में लौटी सार्वजनिक बस सेवा, 351 बसों को हरी झंडी