

सोशल मीडिया के दौर में जनसंपर्क और जनता से सीधे संवाद के मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देश भर के मुख्यमंत्रियों में अग्रणी स्थान पर बने हुए हैं। एक हालिया सर्वे और डिजिटल रिपोर्ट के अनुसार फेसबुक, एक्स (ट्विटर) और इंस्टाग्राम जैसे प्रमुख सोशल नेटवर्क पर योगी आदित्यनाथ के संयुक्त रूप से 6.33 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स दर्ज किए गए हैं, जो उन्हें देश का सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री साबित करता है। डिजिटल उपस्थिति के मामले में वे अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों से काफी आगे निकल चुके हैं।
इस सूची में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय 3.24 करोड़ फॉलोअर्स के साथ दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि विजय तमिल सिनेमा के एक बेहद लोकप्रिय अभिनेता रहे हैं, इसके बावजूद जननेता के रूप में योगी आदित्यनाथ का डिजिटल प्रभाव उनसे कहीं अधिक दिखाई देता है और दोनों के आंकड़ों में 3.09 करोड़ से भी अधिक का अंतर है। वहीं 1.83 करोड़ फॉलोअर्स के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तीसरे स्थान पर हैं। इसके बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चौथे और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा पांचवें स्थान पर मौजूद हैं।
अगर प्लेटफॉर्म के आधार पर देखें तो अकेले एक्स पर योगी आदित्यनाथ के 3.28 करोड़ से अधिक, इंस्टाग्राम पर 1.75 करोड़ और फेसबुक पर 1.3 करोड़ से ज्यादा प्रशंसक जुड़े हुए हैं। अन्य मुख्यमंत्रियों की बात करें तो आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के 0.82 करोड़, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के 0.69 करोड़, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के 0.49 करोड़, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 0.48 करोड़ और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह के 0.38 करोड़ फॉलोअर्स दर्ज किए गए हैं।
नवीनतम डिजिटल ट्रेंड्स और आंकड़ों के विश्लेषण से यह स्पष्ट होता है कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य का प्रशासनिक नेतृत्व संभालने के साथ-साथ मुख्यमंत्री का सोशल मीडिया के माध्यम से जनता की समस्याओं का समाधान करना और लगातार संवाद बनाए रखना इस लोकप्रियता की मुख्य वजह है। राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह मजबूत जनसमर्थन और डिजिटल प्रभाव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल व दूरदर्शी नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की जन-जन तक पहुंच को और अधिक सशक्त बनाता है।