राज्यसभा उपचुनाव 12 नवंबर को, निर्वाचन आयोग ने जारी किया कार्यक्रम

मप्र में भाजपा नेता डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे से रिक्त राज्यसभा सीट पर 2 नवंबर तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे और 12 नवंबर को मतदान और उसी दिन शाम को मतगणना होगी।
राज्यसभा उपचुनाव 12 नवंबर को, निर्वाचन आयोग ने जारी किया कार्यक्रम
Published on: 

राज्यसभा उपचुनाव की अधिसूचना जारी

मध्य प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव को लेकर चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने 26 अक्टूबर 2026 को आधिकारिक अधिसूचना जारी करते हुए उपचुनाव का विस्तृत कार्यक्रम निर्धारित किया है। इसके तहत उम्मीदवारों को 2 नवंबर 2026 तक नामांकन पत्र दाखिल करेंगे । यदि निर्धारित प्रक्रिया के दौरान एक से अधिक उम्मीदवार चुनाव मैदान में रहते हैं, तो 12 नवंबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। मतदान संपन्न होने के बाद उसी दिन मतों की गणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। राज्यसभा की यह सीट भाजपा नेता डॉ. एल. मुरुगन द्वारा 14 अक्टूबर 2026 को अपने पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद खाली हुई थी। इस उपचुनाव के माध्यम से रिक्त सीट पर नए सदस्य का निर्वाचन किया जाएगा।

डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे से रिक्त हुई सीट

भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने 14 अक्टूबर 2026 को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था, जिसे राज्यसभा के सभापति ने स्वीकार कर लिया। वह मध्य प्रदेश से राज्यसभा के निर्वाचित सदस्य थे और उनका मूल कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक निर्धारित था। उनके कार्यकाल की समाप्ति से पहले सीट खाली होने के कारण उपचुनाव कराया जा रहा है। इस उपचुनाव में निर्वाचित नया सदस्य कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक रहेगा।

2 नवंबर तक नामांकन, 5 नवंबर को नाम वापसी

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उम्मीदवार 2 नवंबर 2026 तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 3 नवंबर को होगी, जबकि उम्मीदवारों के लिए नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 5 नवंबर निर्धारित की गई है। यदि मतदान की आवश्यकता हुई तो 12 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। चुनाव प्रक्रिया को 16 नवंबर 2026 से पहले पूरा किया जाना है।

विधानसभा में BJP के पास 164 विधायक

राज्यसभा उपचुनाव में आम मतदाता सीधे मतदान नहीं करते, बल्कि राज्य विधानसभा के निर्वाचित विधायक अपने मताधिकार का उपयोग कर नए सदस्य का चुनाव करते हैं। मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में वर्तमान संख्याबल के अनुसार भाजपा के 164 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 65 और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) का एक विधायक है। विधानसभा में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत होने के कारण राज्यसभा उपचुनाव में उसकी स्थिति मजबूत मानी जा रही है। ऐसे में भाजपा प्रत्याशी की जीत की संभावना अधिक है, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को जिताने के लिए पर्याप्त संख्याबल नहीं है।

logo
NewsCrunch
news-crunch.com