यूडीपी के 8 विधायकों ने बढ़ाया भाजपा का कारवां

यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी के आठ विधायकों के भाजपा में आने से 60 सदस्यीय मेघालय विधानसभा में पार्टी की ताकत बढ़कर 10 हो गई है।
यूडीपी के 8 विधायकों ने बढ़ाया भाजपा का कारवां
Published on: 

पूर्वोत्तर राज्य मेघालय की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी के 12 में से 8 विधायकों ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। खलीहियात विधानसभा क्षेत्र से विधायक क्यिरमेन श्याला के नेतृत्व में इन जनप्रतिनिधियों ने दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद यह महत्वपूर्ण कदम उठाया। इससे पहले 12 सितंबर को पूर्व विधायक और यूडीपी के वरिष्ठ नेता डॉ. जेमिनो मावथोह भी भाजपा में शामिल हुए थे।

भाजपा में शामिल होने वाले प्रमुख विधायकों में आमलारेम से लहकमेन रिम्बुई, रानीकोर से पियस मारवेन, खलीहियात से क्यिरमेन श्याला, नोंगपोह से मयरालबोर्न सिएम, मावफलांग से मैथ्यू बियोंडस्टार कुरबाह, मावसिन्नराम से ओल्लान सिंह सुइन, शेल्ला से बालाजीएद कुपार सिन्नरेम और सोहियोंग विधानसभा क्षेत्र से सिनशर कुपार रॉय लिंगदोह थबाह शामिल हैं। इन विधायकों के पाला बदलने के बाद 12 सदस्यों वाली यूडीपी के पास अब महज 4 विधायक ही शेष रह गए हैं।

यह निर्णय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर दिए गए सकारात्मक आश्वासन के बाद लिया गया। विधायकों ने राज्य के विकास को गति देने के लिए कानूनी रूप से कोयला खनन को पुन: शुरू कराने, खासी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने तथा मेघालय रेजिडेंट्स सेफ्टी एंड सिक्योरिटी एक्ट में आवश्यक संशोधनों को मंजूरी दिलाने जैसी मांगों को प्रमुखता से रखा था।

इस नए राजनीतिक घटनाक्रम के साथ ही 60 सदस्यीय मेघालय विधानसभा में भाजपा विधायकों की कुल संख्या अब 2 से बढ़कर 10 हो गई है। इसके साथ ही भाजपा सत्तारूढ़ मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस में मुख्य सत्ताधारी दल नेशनल पीपुल्स पार्टी के बाद दूसरी सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनकर उभरी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार पूर्वोत्तर के सर्वांगीण विकास और 'अष्टलक्ष्मी' के रूप में इस क्षेत्र के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं के कारण पूर्वोत्तर में बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और सामाजिक कल्याण की योजनाओं में तेजी आई है, जिससे मेघालय भी निरंतर प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

logo
NewsCrunch
news-crunch.com