पिछड़े वर्ग और कारीगरों पर भाजपा का फोकस

आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के तहत भाजपा उत्तर प्रदेश में एक से दस दिसंबर तक छोटे व्यवसायियों और पारंपरिक कारीगरों से सीधा संवाद करने के लिए बड़ा जनसंपर्क अभियान चलाएगी।
पिछड़े वर्ग और कारीगरों पर भाजपा का फोकस
Published on: 

उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति तैयार कर ली है। पार्टी अब समाज के पिछड़े वर्गों, पारंपरिक कारीगरों और छोटे स्तर पर काम करने वाले व्यवसायियों के बीच जाकर सीधा संपर्क और संवाद करेगी। इस विशेष संपर्क अभियान के अंतर्गत भाजपा कार्यकर्ता चायवाला, पानवाला, चाटवाला, सैलून संचालक, नाई, मोची, शिल्पकार, लोहार, कुम्हार, बुनकर और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों तक पहुंचेंगे।

इस महत्वपूर्ण मुहिम की निगरानी और अनुश्रवण की जिम्मेदारी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी को सौंपी गई है। हाल ही में प्रदेश के एमएसएमई मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने वाले भूपेंद्र चौधरी के साथ स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप, धर्मवीर प्रजापति और हंसराज विश्वकर्मा की टीम भी इस अभियान को सफल बनाने में जुटेगी। अभियान की रूपरेखा तय करने के लिए मंगलवार को मंत्री नरेंद्र कश्यप के आवास पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल की मौजूदगी में एक अहम बैठक भी संपन्न हुई।

पार्टी की कार्ययोजना के अनुसार, प्रदेश में विश्वकर्मा श्रम-सम्मान योजना के लगभग साढ़े चार लाख सूचीबद्ध लाभार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना के तहत कारीगरों को मुफ्त प्रशिक्षण, आधुनिक टूलकिट और स्वरोजगार के लिए आर्थिक मदद दी जा रही है। एक दिसंबर से दस दिसंबर 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लाभार्थी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए हर विधानसभा में एक प्रमुख नामित किया जाएगा और शक्ति केंद्र स्तर तक छोटे व्यवसायियों की सूची तैयार कर उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ-सबका विकास के मंत्र और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुशासन, विकास तथा हिंदुत्व के एजेंडे के दम पर भाजपा एक बार फिर 2027 के चुनावी रण में प्रचंड जीत दर्ज करने की ओर मजबूती से कदम बढ़ा रही है।