15 जुलाई तक 70 सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ नव‍निर्मित 70 सांदीपनि विद्यालयों के लोकार्पण की तैयारियों की समीक्षा की और 15 जुलाई 2026 तक सभी विद्यालयों का उद्घाटन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
15 जुलाई तक 70 सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण
Published on

सांदीपनि विद्यालयों का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में तैयार हो चुके सभी 70 सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण 15 जुलाई 2026 तक करने के निर्देश दिए हैं। इनमें स्कूल शिक्षा विभाग के 46 और जनजातीय कार्य विभाग के 24 विद्यालय शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इन विद्यालयों के लोकार्पण को केवल औपचारिक कार्यक्रम न बनाया जाए, बल्कि बच्चों, अभिभावकों, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी के साथ इसे भव्य सामाजिक उत्सव के रूप में मनाया जाए।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और विज्ञान प्रदर्शनी होगी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्कूल शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नव‍निर्मित सांदीपनि विद्यालयों के लोकार्पण समारोह को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी वाला उत्सव बनाया जाए। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, विज्ञान प्रदर्शनी और अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएं, ताकि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और नवाचार दिखाने का बेहतर अवसर मिल सके। इन आयोजनों से न सिर्फ बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ेगा, बल्कि अभिभावकों और स्थानीय समाज में नए विद्यालयों के प्रति अपनापन और जुड़ाव भी मजबूत होगा।

गुरु पूर्णिमा पर विशेष उत्सव होगा
आगामी गुरु पूर्णिमा के अवसर पर 29 जुलाई 2026 को प्रदेश के प्रत्येक जिले के एक सांदीपनि विद्यालय में विशेष ‘गुरु पूर्णिमा उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुरु-शिष्य परंपरा, भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और शिक्षकों के सम्मान के महत्व से जोड़ना है। उत्सव के दौरान विद्यालयों में विद्यालयों में गुरु-शिष्य परंपरा पर आधारित रचनात्मक गतिविधियां और विद्यार्थियों की भागीदारी वाले प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के बाद स्कूल शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग ने सांदीपनि विद्यालयों के लोकार्पण समारोह के साथ-साथ गुरु पूर्णिमा उत्सव की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं, ताकि इन आयोजनों को गरिमामय और प्रभावी रूप से संपन्न कराया जा सके।

logo
NewsCrunch
news-crunch.com