

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने खंडवा जिले के ओंकारेश्वर पहुंचकर भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान राष्ट्रपति ने ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग का अभिषेक भी किया। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न हुई। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर ओंकारेश्वर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए थे।
ओंकारेश्वर तीर्थ के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान कार्यक्रम में सिकल सेल बीमारी को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाने, समय पर जांच कराने, उपचार की व्यवस्था मजबूत करने और रोकथाम के उपायों को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। राष्ट्रपति ने कहा कि सिकल सेल बीमारी से निपटने के लिए सरकार, स्वास्थ्य संस्थानों और समाज को मिलकर काम कर रही है।
विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, अधोसंरचना, महिला सशक्तिकरण और जनजातीय कल्याण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सिकल सेल जैसी गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान, जांच और उपचार के लिए राज्य सरकार विशेष अभियान चला रही है, ताकि प्रभावित लोगों को शुरुआती स्तर पर ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।